कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता और टीवी होस्ट किच्चा सुदीप की मां, सरोजा संजीव, का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने रविवार सुबह 7 बजे बेंगलुरु के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। उम्र संबंधी समस्याओं के कारण वे पिछले कुछ समय से बीमार थीं और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मां के निधन से गहरे सदमे में हैं किच्चा सुदीप
किच्चा सुदीप अपनी मां के साथ बहुत मजबूत रिश्ता साझा करते थे। उनकी मां के निधन की खबर से वे गहरे सदमे में हैं। इस कठिन समय में फिल्म इंडस्ट्री के लोग और उनके प्रशंसक किच्चा के साथ हैं और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। किच्चा अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी मां के साथ तस्वीरें साझा करते थे। मदर्स डे के मौके पर भी उन्होंने अपनी मां के साथ एक भावुक तस्वीर पोस्ट की थी।
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे किच्चा सुदीप
रिपोर्ट्स के अनुसार, सरोजा संजीव का पार्थिव शरीर आज 20 अक्टूबर को किच्चा के घर लाया जाएगा। किच्चा भी अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए घर पहुंच चुके हैं। परिवार और करीबी दोस्तों के साथ फिल्म जगत की हस्तियां भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगी। अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे बेंगलुरु के विल्सन गार्डन श्मशान घाट में किया जाएगा।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने जताया शोक
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी किच्चा सुदीप की मां के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर किच्चा और उनकी मां की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “अभिनेता किच्चा सुदीप की मां श्रीमती सरोजा जी के निधन की खबर से दुखी हूं। भगवान से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले और सुदीप एवं उनके परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत मिले।”
परिवार और फिल्मी हस्तियां देंगी अंतिम विदाई
किच्चा सुदीप की मां के निधन से परिवार और उनके करीबी गहरे शोक में हैं। पार्थिव शरीर को बेंगलुरु के जेपी नगर स्थित किच्चा के आवास पर लाया जाएगा, जहां उनके करीबी, दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग अंतिम दर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे सरोजा संजीव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।